अक्सर सोचता हूं
कुछ लिखूं आप पर
हर बार आ घेरता है
भावनाओं का ज्वार
चित्र दर चित्र
कहानी दर कहानी
कई मंजर, कई खुशियां
इस कदर जकड़ लेती है
मैं कहीं डूब जाता हूं
आपके कपड़ों से आती
उस गंध से
जब कभी में आपसे चिपट कर
सोया करता था बेखौफ
दुख है नहीं बन पाया
एक उम्दा खिलाड़ी
पर, जिंदगी के खेल में
हार न मानना
आपसे ही तो सीखा
डर की आंखों में झांकना
कभी हिम्मत न हारना
कोई भी दुख हो कमबख्त
एक नींद के बाद भूल जाना
दोस्तों का आखिरी दम तक
साथ निभाना
किसी की मदद में
कभी कदम न खिंचना
दूसरों के दुख के आगे
अपना दुख छोटा आंकना
जिंदादिल होकर
बस आज में जीना
प्यार, दुश्मनी दोनों
खुलकर निभाना
थोड़े कड़वे बोल
फक्कड़ी में भी मजे दिल खोल
सब आप ही से तो सीखा
पता है
मेरी हंसी, आवाज
शक्ल, शरीर
कहां-कहां से
निकल आते हो आप
कई बार लड़ता हूं
नाराज भी होता हूं मैं
पर, बस चिंता है आपकी इसीलिए
दाता, जानता हूं
कभी नहीं लिख पाऊंगा
आप पर
बारिश भी नहीं भीगाती
न ही आता है
शिशिर में तेरी कुरबत का ख्याल
तपन भी अब कहां वैसी
कि कंठ में आ जमे प्यास
जिंदगी की ट्रेन को
देख रहा हूं छूटते
खिड़कियों, दरवाजों पर असंख्य हाथ
थाम लेना चाहते हैं मुझे
पर अब, न दिल-न कदम
देते हैं मेरा साथ
हाड़-मांस का यह जिस्म
पता ही नहीं चला
कब पत्थर में बदल गया
खलता है मुझे
मेरा ही साथ
नहीं थामना चाहता
अब मैं किसी का हाथ
शून्य मैं
मुझमें शून्य
ना कुछ अच्छा
ना कुछ बुरा
अजीब है, भूल रहा हूं
भेद जय-पराजय में
संवेदनाओं के बीच
झूलता मैं संवेदनहीन
क्यों, कब, कैसे
हो गया अकेला
शायद, थोड़ा जल्द
समझ गया मैं
आया था अकेला
जाना भी होता है अकेला
तुझसे कभी
छिना था तुझे
डूबकर तुझमें ही
बुझ गया था मैं
अब कहां से लाऊं तुझे
कैसे लौटाऊं तुझे
छोड़ भी दे अब
खुद को यूं मांगना मुझसे
मैं तो बुझकर भी
खोज रहा हूं
जीवन की एक लौ तुझमें
पिघल कर
चाहता हूं बूंद बन जाना
आऊं जो तेरी हथेली पर
तो तुझे थोड़ा तो भीगा पाऊं
जो छू लूं लब तेरे
तो तेरे जिस्म की सैर कर जाऊं
याद बनकर कभी
तेरी पलकों को झील बना जाऊं
और कभी आईना समझ मुझमे तू जो झांके
तेरी शोख अदा पर मैं इतराऊं
पर कहां होता है ऐसा
हर चीज पिघलते
देखी है मैंने
बस तेरी ही आग ऐसी है कमबख्त
खुद को राख होते
देख रहा हूं मैं
राह तो तेरी ही चला हूं मैं
पर जो सिरा तुझ तक जाता था
छूट गया है न जाने कहां
भूल यकिनन है मेरी
क्यों नहीं थाम पाया
हाथों में हाथ तेरा
क्यों नहीं दिला पाया
अपने वजूद का यकिन तुझे
क्यों नहीं बता पाए
ये दिल, आंखें
बसी है इनमें तस्वीर तेरी
क्यों नहीं समझा पाया
कितनी घुटन है बिन तेरे
क्यों नहीं जता पाया
हां, मैं करता हूं प्यार तुझे
क्यों नहीं दिखा पाया
मोहब्बत की गहराई तुझे
और, ये कमबख्त आंखें
जो हर पल बुनती है ख्वाब तेरे
नहीं बता पाई
मेरे अंदर की बेकरारी तुझे
बस भटक रहा हूं
नहीं जानता
ये तकदीर अब कहां
लेकर जाएगी मुझे
छूट गया है जो सिरा
मेरा रोम-रोम हर जगह
टटोल रहा है उसे
अरसा हो गया
सुने हंसी तेरी
कि अब तो
शिकायतों में है जिंदगी तमाम
रोशन करता हूं रोज
उम्मीद का दीया दिल में
शाम होते-होते
उदासी में डूब जाता है कहीं
तुझे पता है
तेरी कुरबत की खातिर
हर पल मर कर
न जाने कैसे जी उठता हूं मैं
फिर भी, नहीं होता है यकीं
तू भी वही, हूं मैं भी वही
न जाने कहां
खो गए तू, मैं कहीं
ये तलाश, ये प्यास
तेरी एक हंसी से
होती है शुरू
और, तमाम भी यहीं