खाली होना भी
खलता है
और, व्यस्त होना भी
सोचता हूँ
दिमाग में उग आए जंगल की
थोड़ी काँट-छाँट कर दूँ
पर, मुझे कहाँ पसंद है
व्यवस्थित बगीचा
सोचता हूँ
उलझनों की ऊहापोह से निकलकर
जी लूँ, कुछ देर अपने साथ
पर, मैं खुद को ही क्यों खलता हूँ?
तंग आ गया हूँ
हर वक्त के सफर से
पर, सुस्ताने से कहाँ राहत पाता हूँ
सोचता हूँ
कर दूँ भीड़ में इस कदर गुम
ढूँढने से भी ना मिलूँ खुद को
पर, कमबख्त!
वहाँ भी तो अकेला होता हूँ
कहीं मिलेगा ऐसा एकांत?
जहाँ अकेले रहकर भी
अकेला ना रहूँ
जहाँ, अकेला ना रहकर भी
निपट अकेला हो जाऊँ
थक जाना चाहता हूँ इस कदर
दिल, आत्मा, शरीर सब
एकसाथ चूर हो जाएँ
धीरे-धीरे 'शून्य"
गहरे, और गहरे
मुझमे, मैं उसमें
समा जाऊँ
पर, कमबख्त!
ऐसा भी कहाँ होता है!
कई ख्वाबों की रहगुजर के बाद
एक राह बुनी है मैंने
वह तुझ तक ही तो जाती है
बस, तुझ तक ही
अभी चलना शुरू ही किया है
आकर मिली है कुछ तितलियाँ भी
जो बात कर रही है फूलों की
पंछियों ने भी आकर की है
तारीफ उस हँसीं मंजर की
मछलियाँ भी झील से झाँक
कह रही है खुशामदीद
कहीं से कोयल ने
छेड़ी है इकतार
जुगनूओं ने टाँकी है
मदहोश रोशनी की लंबी कतार
मस्ती के इस आलम में
देख आ पहुँचा मैं तेरे आँगन में
छोड़ दो, दूर हटो
अब ना फेंकों मुझे फिर बियाबान में
जहाँ बात न हो तेरी-मेरी
बिखरी हो दुनियादारी
खुलेआम ख्वाबों का कर कत्लेआम
की जा रही हो सौदागरी
कैसे, जी पाऊँगा मैं?
तू ही बता!
जो राह बुनी है
वह, बस तुझ तक ही तो आती है!
तोहमतें लगाने वाले
देखो 'फरिश्ते" हो गए
उनकी जुबाँ से कितने ही
उजले दामन दागदार हो गए
कैसे पकड़े कोई गिरेबाँ उनकी
कदम-कदम पर वो ही वो हो गए
चुप रहकर भी नहीं बच सकता कोई
वे किचड़ उछालने में इतने माहिर हो गए
क्या हो इनका इलाज, नहीं आता समझ
ये तो लाइलाज मर्ज हो गए
अर्जी लगाई है इनकी
मगर, खुदा का इंसाफ तो देखो
दोज़ख के दरवाजे भी इनके लिए बंद हो गए
भुगतना होगा ताउम्र यूँ ही
सोचकर ही उम्र के आधे बरस कम हो गए
एक पगडंडी
जो मुझे लुभाती रही है
छोर पर खड़ा हो
निहारा करता हूँ उसे
मोड़, कई मोड़
पेड़ों की घनी छाँह
हरी दूब
चाहता हूँ दौड़ना
देखना चाहता हूँ
उसका अंतिम
बढ़ाए भी कदम
कुछ पदचिन्ह देख
फिर, रोक लिए
अब नहीं लुभाती 'वो"
उतरा हूँ अब
मैं भी बियाबान में
चुभते काँटों
झंखाड़ के बीच
'नई" लुभावनी राह बनाने
वो कहती है
ध्यान रखो अपना
'हमारे" लिए
अजीब है
एक नजर भर ने
कर दिया इतना बड़ा
फिर, ताउम्र
वही रखती रही ख्याल मेरा
कहती रही- ध्यान रखो अपना
कई बातें होती है ऐसी
भूलकर भी कहाँ भूलता है कोई
साथ का भी है कुछ ऐसा
छूटकर कहाँ छूटता है कोई
चलती रहती है जिंदगी
मगर जम जाती है राहें कोई
निराशाओं के समंदर में भी
उम्मीद बँधा जाता है कोई
भटक जाओ तो
पदचिन्हों के सहारे ढूँढ लेता है कोई
भीड़ में भी जब तन्हा होता हूँ
निहारने लगता है चेहरा कोई
मरने तक का है साथ मेरा
फिर भले हजार तोहमतें लगाए कोई
क्यूँ होता है ऐसा
किसी एक मुस्कान पर
पिघल जाता है कोई
कुछ नहीं बचता उसका
सर्वत्र फैल जाता है कोई
एक दीप जलाया है अभी
थोड़ा ही सही
मिटा तो है अंधेरा
जानता हूँ
लौ मंद होते ही
फिर छा जाएगा सर्वत्र
मगर एक
कोशिश तो की है
एक दिन ऐसा भी आएगा
हर दिल जलाएगा दीप
फैलेगा उजियारा चहूँओर
कभी ना मिटने के लिए
तब हर दिन नई उमंग
नवसृजन आकार लेगा
उठो, आओ, मिलकर
सब दीप जलाएँ !