Friday, January 13, 2012

कोई!

कई बातें होती है ऐसी
भूलकर भी कहाँ भूलता है कोई
साथ का भी है कुछ ऐसा
छूटकर कहाँ छूटता है कोई
चलती रहती है जिंदगी
मगर जम जाती है राहें कोई
निराशाओं के समंदर में भी
उम्मीद बँधा जाता है कोई
भटक जाओ तो
पदचिन्हों के सहारे ढूँढ लेता है कोई
भीड़ में भी जब तन्हा होता हूँ
निहारने लगता है चेहरा कोई
मरने तक का है साथ मेरा
फिर भले हजार तोहमतें लगाए कोई
क्यूँ होता है ऐसा
किसी एक मुस्कान पर
पिघल जाता है कोई
कुछ नहीं बचता उसका
सर्वत्र फैल जाता है कोई
 

Tuesday, January 10, 2012

दीप जलाएँ

एक दीप जलाया है अभी
थोड़ा ही सही
मिटा तो है अंधेरा
जानता हूँ
लौ मंद होते ही
फिर छा जाएगा सर्वत्र
मगर एक
कोशिश तो की है

एक दिन ऐसा भी आएगा
हर दिल जलाएगा दीप
फैलेगा उजियारा चहूँओर
कभी ना मिटने के लिए

तब हर दिन नई उमंग
नवसृजन आकार लेगा
उठो, आओ, मिलकर
सब दीप जलाएँ !

 

बात 'हमारी"


सच-झूठ
तेरा-मेरा
राग-द्वेष
अपना-पराया
मोहब्बत-शोहरत
विश्वास-अविश्वास
ऐसे न जाने कितने
मंतर देखे
अपने हिसाब से
जपते तोते देखे
सही क्या है
पता नहीं
क्या 'सही" कभी
होता है सही
शायद, पता नहीं
हर जगह बिखरी है
बस 'दुनियादारी"
फिर कैसे, कब, कहाँ
कर पाएँगे बात 'हमारी"?

Wednesday, January 4, 2012

अ-देह!

अदेह जब देह बन जाए
तो जहाँ तू बुलाए
मैं पहुँच जाता हूँ
जब सुन रही होती है संगीत
मैं ही तो गुनगुना रहा होता हूँ
तेरी जुबाँ का स्वाद
मुझे भी लगता है नमकीन
कपड़ों की तरह
तू पहन लिया करती है मुझे
रजाई समझ
दुबक जाती है मुझमें
रोज सुबह प्याला समझ
तेरे अधर छूते हैं मुझको
तेरे अंदर जो धड़कता है
वह दिल भी तो हूँ मैं
तू माने ना माने लेकिन
तेरी हर चीज में समाया हूँ मैं
तूझमें हूँ मैं, मुझमें है तू
कितनी अच्छी है ना यह अ-देह
हर आकार, प्रकार, स्वरूप
धर सकती है और
जी जाती है जन्म-जन्मांतर
 

Tuesday, January 3, 2012

क्या पता!

मौत जब छूकर गुजरी
पल में मिल गया
पूरी जिंदगी का हिसाब
सेकंड में पूरी किताब
झर्र से खत्म हो गई
हर पन्नों पर 'अपने"
जैसे कह रहे हो
अभी हम जिए ही कहाँ?
बाद तक सोचता रहा
शायद ताउम्र करता रहूँगा मनन
अब बस जीऊँगा उनके लिए
जो उन पन्नों में दर्ज थे
क्या पता 'वह" छूने की बजाय
इस बार साथ ले जाए?

दोष

कई तूफानों से गुजरा
मगर साबूत ही रहा
बहुत यकीं था खुद पे
तभी एक झोंका
मेरा वजूद तक मिटा गया
कितने अच्छे थे
वे तूफानों के दिन
जब लड़ता था अपने लिए
अब खुद को मिटा कर
उसकी आँखों में
अक्स अपना ढूँढा करता हूँ
दोष उसका है, न मेरा
ये तो हवा ही कुछ है ऐसी
जो भी चपेट में आया इसकी
वह बहने से कहाँ रोक पाया है?

Sunday, January 1, 2012

कैसे मिले मौका?

इस बेकराँ दिल को
कैसे चैन आए
तू ना होकर भी होती है
मैं होकर भी नहीं
मिलकर भी कहाँ मिल पाते हैं
बस शिकायतों में यूँ ही
रह जाया करते हैं रिते
जब थामा था हाथ
तब क्या पता था
इतनी बेरहम होगी जिंदगी
मिलने की तो दूर की बात
समय गुफ्तगू तक का ना होगा
कोशिश में हूँ
चलाऊँ कुछ ऐसा चक्कर
दिन बीते जुल्फों तले
रात गुजरे तेरी खुमारी में
तेरे प्यार का जश्न
ये बेचारा दिल भी मनाए