Saturday, December 28, 2013

आह...


इफरात में अब
कुछ भी नहीं मिलता
वो कॉफी, लॉंग ड्राईव
लंबी बातें, हाथों में तेरा हाथ
हर वक्त का साथ
सब कहीं छूट गया
बदकिस्मती की हद तो देखो
अकेलापन भी अब नसीब नहीं होता
लगता है कुछ नहीं है मेरा
हालत इतनी बदतर है ए-दोस्त
खुद को देखे ही अरसा बीत गया
सोचता हूं
एक दिन हर कतरे को फिर चुन लूं
आसमां में टंके तारों की तरह
मैं भी इन्हें दामन में अपने टांक दूं
खर्चूं तो
रखूं पाई-पाई का हिसाब
या फिर किसी बनिये की तरह
चढ़ा दूं ब्याज पर
जिस वक्त को दोनों हाथों से
जमकर लुटाया
काश, चंद लम्हे ही सही
कोई मुझे लौटा दे
काश, इफरात में न सही
कतरा-कतरा जीने की
कोई सहूलियत दे

Friday, December 20, 2013

इंतजार


मेरे पास बैठ
ए-जिंदगी जरा 
ले आगोश में मुझे 
मेरे उलझे बालों में
ऊंगलियां जरा घुमा
पेशानी पर पड़ी सलवटों को
दे सुकून जरा
बरसों हुए चैन से सोये मुझे
एक मौन की लोरी जरा सुना
मेरी पलकों को चूम कर
मीठा सा एक सपना दे जरा
सहरा के इन प्यासे लबों को
दरिया में डूबो दे जरा
थक कर चूर इस जिस्म पर
अपने निशां छोड़ जरा
आ बैठ मेरे पास ए-जिंदगी
कुछ मेरी सुन
जरा कुछ अपनी सुना

Saturday, November 30, 2013

अहसास तेरा...


जब भी तन्हाई घेरती है मुझे
पाता हूं खुद के करीब खुद को
परत दर परत 
गहरे और गहरे
धंस जाता हूं खुद में
अंधेरा, घुप अंधेरा
रोशनी का निशान नहीं
कितनी छटपटाहट
जैसे गला घोंट रहा हूं अपना ही
आकंठ तक डूबी प्यास
हर तरफ बेचैनी, अशांति
शायद इतना ही भद्दा
रहता है मनुष्य
या फिर अपना ही सच 
जाना है मैंने
पर, हूं खुशकिस्मत
जब भी चूभता हूं 
मैं खुद की नजरों में
तेरी आंखों की पनाह 
ले लेती है आगोश में
वाह, कितना अद्भुत है 
अहसास प्रेम का

Thursday, November 28, 2013

डोर


कहते हैं
वक्त के हाथ होती है
जीवन की डोर
जब धागा टूटा
साथ छूट गया
पर, उसका क्या 
जो है संग तेरे
उसके हिस्से तो है
बस चंद लम्हे
उस वक्त में 
जी लिया तो जी लिया
जी भर खुशियों को
पी लिया तो पी लिया
मैं हूं मोहताज तेरा
तूने जब-जब नजरें फेरी
मानों मेरे जीवन की डोर टूटी
वक्त की क्या मजाल
जो डोर चलाए, जीवन खींचे

काश...


कुछ तो है जो खो रहा है
झड़ रहा है, खिर रहा है
हर पल, हर दिन
बढ़ रहा है तो बस
अनुभव, समझ, उम्र
और मैं
देख रहा हूं खुद में
बहुत कुछ घटते
कुछ-कुछ बढ़ते
बचपन, जो कभी मेरा था
वो दोस्त, जो बुनते थे 
संग ख्वाब मेरे
वो गांव, जो बसा था
दिल में मेरे
खेत, नदी, फसलें, रिश्ते 
सब, सब
काश, लौटा दे कोई
यदि न कर सके इतना तो
जो संग हैं मेरे 
अब न छूटे कभी
नहीं चाहिए तर्जुबा
जिंदगी में मेरी
बस, वो घुले रहे 
यूं ही मुझमें
जो बसे हैं हर पल रूह में मेरी

Thursday, October 31, 2013

'अपना"


दर्द तो वही देता है
जो अपना होता है
वर्ना तो आप हो 
ये भी, किसे पता होता है
आपके होने, ना होने का पता भी
कोई अपना ही तो देता है
वर्ना तो जिंदा हो
इससे भी किसे ताल्लुक होता है
छांह में तो सुस्ताते हैं सब
कड़ी धूप में अपना ही साथ होता है
मुसाफिर तो आते, जाते हैं
कोई अपना ही तो ताउम्र बसर करता है
कोई अपना भले दर्द दे दे
धोखा कभी नहीं देता है
अपनों का दिया दर्द 
अक्सर दवा बन जाता है
वर्ना तो दवा के नाम पर
दुनिया में जहर ही दिया जाता है

Tuesday, October 29, 2013

तू और मैं



भीगा-भीगा
कुछ रूखा-रूखा मैं 
भीड़ में भी 
कुछ तन्हा-तन्हा मैं
हर वक्त, सोते-जागते
व्यस्तता की तलाश में डूबा मैं
काम होकर भी खाली
तन्हाई में भी कहीं खोया मैं
क्या करूं, कैसे पाऊं
तुझसे छुटकर, खुद को मैं
फिर सोचता हूं 
कैसे जी पाऊंगा 
खुद को पाकर 
बिन तेरे मैं
पता है 
ये जो स्पर्श है ना तेरा
हर वक्त मेरे मर्म को
रहता है छुए
चाहूं तो भी 
तुझसे छुटकर कहीं नहीं 
जा सकता हूं मैं