Friday, April 25, 2014

कुछ ऐसी बात कर...


रूह को छू जाए
कुछ ऐसी बात कर
आ घड़ी भर रूक
फिर ना जाने की बात कर
तोड़ दे हर बांध
आ अब बहने की बात कर
बहुत हो गया दूर-दूर
अब पास आने की बात कर
पत्थर की तरह कठोर क्यों
पिघलने की बात कर
तेरे बिन अंधेरी है जिंदगी
बस अब रोशनी की बात कर
आ गये हैं मझधार में
अब डूबने की ही बात कर
हर बार जीत ही जाती है
इस बार कुछ हारने की बात कर
चल दिए हैं सहरा में तो
पानी की नहीं, प्यास की बात कर
बहुत हुई खुशियों की खोज
अब कुछ खो देने की बात कर
तुझ में मैं, मुझमें तू
कुछ ऐसे ही, एक होने की बात कर
क्यों दो दुनी चार, चार दुनी आठ
कभी तो शून्य की बात कर
जिंदा रहने के भ्रम के लिए ही सही
कुछ देर तो मौत की भी बात कर
हर वक्त का चलना ही क्यों
कुछ देर एक-दूजे को देखने की बात कर
मुट्ठी भर जो वक्त है
इसमें पूरी उम्र जीने की बात कर
रूह को छू जाए
कुछ ऐसी बात कर
कुछ ऐसी बात कर...

 

Wednesday, April 2, 2014

दिल


कभी खुद का जिस्म
भी चुभता है मुझे
कभी चाहता है खुद को
अपने हाल पर छोड़ देना
कभी लाद देना चाहता है
जंजीरें हजारों
तो कभी डूब जाना चाहता है
शून्य में
कभी इस तरह घुल जाना चाहता है सूर्य में
कि हर कतरे से रोशनी फूट पड़े
कभी अंधेरे, घोर अंधेरे में
चाहता है गुम हो जाना
कभी बियाबान में भटक कर
जार-जार चाहता है हो जाना
कभी किसी दरिया में
मर जाना चाहता है प्यासा
कभी किसी सहरा में
देखना चाहता है अपनी मौत
ये दिल जो है ना कमबख्त
हर दर्द चाहता है झेल जाना
पर नहीं चाहता है
कभी नहीं चाहता है
खुद पर एक खरोंच तक आना
 

Saturday, February 15, 2014

खडा़ सिक्का... ये जिंदगी....



जब भी चुनी है कोई राह
चौराहे पर उलझा हूं
जब भी आया है कोई ख्याल
न जाने कैसे चले आते हैं
साथ उसके अनगिनत विचार
जब भी छिडी़ है भावना की एक तरंग
न जाने कहां से उठ आता है ज्वार
हार-जीत के बिच घमासान
आशा-निराशा के बिच का द्वंद
समाज-वैयक्तिक के बिच की खिंचतान
किस कदर खुद को निचोड़ लेता हूं मैं
एक कतरा भी नहीं होता पास मेरे
किसी पेंडूलम की भांति झुलते
हर वक्त खुद को देखना
साधते रहने की ताउम्र की साधना
क्या बस इतनी-सी है जिंदगी?
या नदी, पहाड़, झरने, जंगल
चहचहाहट, मुस्कुराहट
इंसानियत, मुहब्बत
सबको जी भर
एक सांस में भर लेने को ही
कहा जाता है जिंदगी?
पता नहीं
फिलहाल, सिक्के के दो पहलूओं के बिच

Iखड़ीO हुई है मेरी जिंदगी
 

Thursday, February 13, 2014

करता रहूंगा प्यार तुझे...


हाथ में लाल गुलाब
घुटनों के बल
या कुछ यूं करूं
ले आऊं तुझे
एक लांग ड्राइव पर
चटक चांदनी में
कह दूं अपनी बात
या कुछ यूं करूं
नाव में हो सवार
मझधार में हो जाऊं
थोड़ा रूमानी
या फिर
किसी झील के किनारे
नजरों के रास्ते
तुझे करा दू्ं दिल की सैर
या कुछ यूं करूं
तितलियों के देश में
फूलों के बिच
थाम कर तेरा हाथ
दिखा दूं अपने ज़ज्बात
हर वो बात करूं
जो छूती हो दिल को तेरे
और, लाती हो करीब
और करीब तेरे
क्या इतना भर काफी नहीं
हर बार की तरह
फिर एक बार
कह दूं तुझे
हां, प्यार है तुझसे
और, ताउम्र करता रहूंगा
यूं ही प्यार तुझे

Friday, February 7, 2014

सब स्वप्न...


एक जान कैसे होते हैं
नहीं पता
ये भी नहीं पता
कब देखा था तुझे जी भर
क्या कभी थामा था
अपने हाथों में तेरा हाथ
सीने से तुझे लगाकर
धड़कने कभी क्या गिनी थी मैंने
दूर तक, बहुत दूर तक
यूं ही मौन कभी घूमते थे हम?
तेरी महक
कभी उठती थी मेरे जिस्म से?
हंसी तेरी
आवाज, वो घंटों बात
कभी की थी हमने?
नहीं पता
ये भी नहीं पता
क्या कभी जीया जाता है ऐसे
शायद सब कुछ, हां सब कुछ
स्वप्न था
ना होता तो
क्या कभी तू नहीं दिला देती याद
 

Tuesday, February 4, 2014

निराशा...


जब निराश होता हूं
चाहता हूं थामे हाथ कोई
बातें करें मुझसे मेरी
देखे अंदर झांककर
अंधेरे में चिंगारी सुलगाये
बालों को सुलझाती ऊंगलियां
दिल की गुत्थियां सुलझाये
मौन की भाषा से
ढेरों बातें करता जाए
भीतर उठे लपटें तो
प्यार की बारिश कर जाए
हताशा के काले बादलों में
मेरा साया बन जाए
अकेले में भी
साथ की उम्मीद जगा जाए
लेकिन, जब निराश होता हूं
साथ होती है बस निराशा
मेरी चाहत, कईं-कईं बार
मेरे ही हाथों डूबी है
मेरी ही निराशा में
और मैं
अभिशप्त हूं
ऐसे ही उसे डूबकर
हर बार
मरते देखने के लिए

Tuesday, December 31, 2013

सांता से बोलकर गायब करवा दूंगी...





न जाने क्यों क्रिसमस के एक दिन पहले ही सांता क्लॉज ने युगंधरा को गिफ्ट दे दिया। गिफ्ट भी वह जो कई बार युगी के सपने में आया होगा या वो कई बड़े बच्चों के हाथों में देखा करती रही है। टेब जिसमें हो ढेर सारे गेम्स। वाह... सुबह जैसे ही तकिये के नीचे हाथ डाला, युगी की आंखें चमक उठी। बोली- मम्मा सांता ने तो कमाल कर दिया। थैंक्यू सांता... बस उसके बाद यह पोस्ट लिखे जाने तक सांता ही सांता है। 
टेब में आंखें गड़ाकर बार्बी का मैकअप किया जा रहा है, नहलाया जा रहा है, टैंपल रन हो रही है, बिल्ली से बात हो रही है, उसे खाना खिलाया जा रहा है, सुलाया जा रहा है न जाने क्या-क्या। कमाल यह है कि अब युगंधरा यह भी देख चुकी है कि और बच्चों को सांता ने ऐसा गिफ्ट नहीं दिया है, जैसा उसे मिला है... तो अब वह मान चुकी है कि सांता केवल उसकी ही सुनता है। वह धमकाने भी लगी है कि ज्यादा परेशान करोगे तो सांता से बोलकर गायब करवा दुंगी। अपने दाता को भी वह यही धमकी दे चुकी है। दाता ने जब यह कहा कि अब गेम नहीं खेलना, बंद करो... तो बोली नहीं...दाता.. 
जब दाता ने फिर दोहराया तो बोली देखना सांता से बोलकर आपको गायब करवा देती हूं। जब उसे कहा गया कि फिर दाता गायब हो जाएंगें तो स्कूल की फिस कौन भरेगा, कार में घुमाने कौन ले जाएगा, किसका सीना चीरकर देखेगी कि इसमें युगंधरा है तो सोच में पड़ गई। फिर धीरे से कहा- मैं फिर बुला लुंगी... शुक्र है दाता की जान में जान आई। दाता का सारा प्रेम इस बार सांता के कारण दांव पर लग गया था।
खैर कमाल की है युगी... सीना चीरने का किस्सा यूं है कि एक बार बाप-बेटी के बीच बात चल रही थी। युगी ने पूछा- दाता गणेशजी को जानते हो... नहीं कहने पर बताया कि उनकी सूंड होती है... बड़ा सा पेट होता है... जिसमें ढेर सारे लड्ढू... फिर ठहाके मारकर हंसी। उसने दाता की फिर परीक्षा ली और पूछा- अच्छा हनुमानजी कैसे दिखते हैं? फिर दाता का ना सुन बकायदा एक्शन के साथ जवाब दिया... एक पैर पर खड़ी हुई, एक पैर हवा में थोड़ा फोल्ड किया फिर एक हाथ आगे किया और दूसरे हाथ में कुछ उठा रखा हो जैसी एक्शन की। उससे पूछा कि यह क्या है तो बोली हनुमान हवा में उड़ रहे हैं हाथ में पहाड़ है... क्या दाता इतना भी नहीं जानते... फिर एक और परीक्षा। इस बार उसने जानकारी दी कि हनुमानजी अपना सीना फाड़ते हैं.. आपको पता है उसमें कौन नजर आता है? दाता के फेल होने पर जवाब था- राधा-कृष्ण... उसके दाता को पसीना आ गया ये समझाने में कि वो राधा-कृष्ण नहीं राम-सीता हैं। खुब समझाने पर उसने माना कि दाता शायद सही हैं। दाता ने पूछा- अच्छा बेबी तुम्हारा सीना चीरे तो क्या नजर आएगा तो उसकी आंखें एकदम गोल हो गई। बिना समय लगाए तपाक से उसने कहा- छोटे से दाता... फिर जब उससे पूछा कि दाता के सीने में कौन होगा तो बोली- छोटी से युगंधरा....
युगंधरा एक बात और कहा करती है कि दाता मेरे एक नंबर के चम्मचे हैं और मैं दाता की एक नंबर की चम्मची हूं... है ना कमाल दोनों एक-दूसरे के एक नंबर के चम्मचे...