Tuesday, July 9, 2013

छूटा सिरा...


राह तो तेरी ही चला हूं मैं
पर जो सिरा तुझ तक जाता था
छूट गया है न जाने कहां
भूल यकिनन है मेरी
क्यों नहीं थाम पाया 
हाथों में हाथ तेरा
क्यों नहीं दिला पाया 
अपने वजूद का यकिन तुझे
क्यों नहीं बता पाए 
ये दिल, आंखें
बसी है इनमें तस्वीर तेरी
क्यों नहीं समझा पाया
कितनी घुटन है बिन तेरे
क्यों नहीं जता पाया 
हां, मैं करता हूं प्यार तुझे
क्यों नहीं दिखा पाया
मोहब्बत की गहराई तुझे
और, ये कमबख्त आंखें
जो हर पल बुनती है ख्वाब तेरे
नहीं बता पाई 
मेरे अंदर की बेकरारी तुझे
बस भटक रहा हूं 
नहीं जानता
ये तकदीर अब कहां 
लेकर जाएगी मुझे 
छूट गया है जो सिरा
मेरा रोम-रोम हर जगह
टटोल रहा है उसे 

Saturday, July 6, 2013

तेरी हंसी

अरसा हो गया 
सुने हंसी तेरी
कि अब तो 
शिकायतों में है जिंदगी तमाम
रोशन करता हूं रोज
उम्मीद का दीया दिल में
शाम होते-होते 
उदासी में डूब जाता है कहीं
तुझे पता है
तेरी कुरबत की खातिर
हर पल मर कर 
न जाने कैसे जी उठता हूं मैं
फिर भी, नहीं होता है यकीं
तू भी वही, हूं मैं भी वही
न जाने कहां 
खो गए तू, मैं कहीं
ये तलाश, ये प्यास
तेरी एक हंसी से 
होती है शुरू
और, तमाम भी यहीं 

Wednesday, July 3, 2013

उदासी


मत पूछ सबब मेरी उदासी का
कि बात आकर रुकेगी तुझ पर
ना तू समझेगी 
ना मैं बता पाऊंगा
न जाने कहां से उग आया है
तेरे होने पर खोने 
और, तेरे ना होने पर 
कभी ना पाने का डर

बीज प्रेम का


हर जगह बो देना चाहता हूं
वह बीज 
जो तेरे, मेरे होने की 
देता है गवाही
जब कभी एक पल को तू
भूलना चाहे भी मुझे
किसी कोने से तब 
मेरे होने की गंध आ घेरे तुझे

Saturday, April 6, 2013

भ्रम



भ्रमों को हो ही जाने दो दूर
देखूं तो असल चेहरा अपना
परत-दर-परत 
प्याज के मानिंद 
उतरे जब नकाब
सिवाय आंसू के 
हाथ बस रिता रहा
लौट जाना चाहता हूं
फिर अपनी खोलों में
कि मजबूरी हो गई है
चूभता है शूल-सा
अब ये नंगा बदन मुझे
वक्त लगा जानने में ये
भ्रमों से खुबसूरत है 
जिंदगी मेरी
क्यों कोई भला झेलेगा 
फिजूल में मुझे

Friday, April 5, 2013

तोहमत...



तोहमत यह है मेरे सिर
साथ होकर भी कहां साथ होते हो
हर तरफ बिखरी है
महक तेरी
फिर भला कोई चाहकर भी
अकेला कैसे रहे
चाहता हूं 
छोड़ दे तू भी अब मुझे
आजमाऊं यह भी तो जरा
कब तलक बसी रहेगी 
सांसों में मेरी
तू जिंदगी की तरह
रोज सोचता हूं 
बताऊं तूझे 
तू दौड़ती है रगों में मेरी
खून की तरह 
पर, रोक लेता हूं 
तोहमत सुनने के लिए
ये ही तो बताती है 
'मैं" भी कहीं रहता हूं 
जिंदगी में तेरी
एक हमसाये की तरह

Wednesday, April 3, 2013

उलझन



दोस्ती की चाह में
प्रेम कर बैठा
जब उसे पाया तो
फिर पुरानी गलियां याद आईं
ये दिल है, दिल 
जो हर बार 'आज" में प्यासा है