Saturday, February 25, 2012

चाह...

जानता हूँ
सारी राहें जाती है तुझ तक
कहीं खड़ी भी होगी तू
मेरे ही इंतजार में
साल-दर-साल
चुनता हूँ इक नई राह
उम्मीद बस होती है यही
इस बार पा ही जाऊँगा तुझे
कमबख्त कितने ही मोड़ आए
कितनी ही राहें बदलीं
बस, इसी आस में
हर राह जाती है तुझ तक
कहीं कर रही होगी
तू, मेरा इंतजार
ऐसे ही
हर क्षण
तुझ में ही भटक रहा हूँ
तुझे ही पाने की चाह में
 

Friday, February 24, 2012

इजहार


कहते हैं-वे
आज लौटे हो पुराने रंग में
इजहारे इश्क का है ये कमाल
श्वेत-श्याम जिंदगी
फिर रंगीन हो गई

Friday, February 10, 2012

उमर!

उनिंदी सी उस सुबह
ब्रश करते हुए
आईने में जब खुद को टटोला
हल्की-सी निकल आई दाढ़ी में
दो सफेद मेहमान भी नजर आए
मैंने मुस्कुराकर कहा-वेलकम
वो बोले-उमर के निशाँ है प्यारे
अब तो बड़ा हो जा
अभी तो हम दो हैं
आगे देखता जा, होता है क्या
तभी ताजे झोंके समान
'युगी" आकर पैरों से लिपट गई
बोली- बॉलऽऽऽ
फिर मैं घंटों बेटी के साथ
बच्चा बना रहा

 

Thursday, February 9, 2012

तेरा रंग...

मुझे पता है
हर चीज छूट जाएगी
नौकरी, साख
धाक, पैसा, इज्जत
नहीं छूट पाएगा तो बस
तेरा चढ़ा रंग
फिर भी
जानकर भी अनजान बना 'मैं"
दौड़ रहा अंधी गलियों में
उन कुंठित ख्वाहिशों के पीछे
जो ले जा रही तुझसे दूर
जबकि, लौटकर आना ही है
तेरे पास
आकर पूछूँगा, तू नाराज तो नहीं
मुझे पता है
तू गुस्से में होगी
फिर भी कहना, नहीं
और, चढ़ा देना
रंग की एक और परत
 

काश!

कम्प्यूटर, फोन
सामने लगा पोस्टर
पेन, मोबाइल
कुर्सी, पानी की बोटल
यहाँ तक कि 'मैं" भी
सब, सबकुछ संवेदनशून्य
निराश, हताश
काश, तू छू दे
मुझे
तो 'सबमें" जान आ जाए

Tuesday, January 31, 2012

'मैं"

'मैं" को परे रख
अब देख खुद को
धँस, और धँस
क्यूँ घबरा गया
अब फिर से
समा जा 'मैं" में
तेरी औकात नहीं
खुद की 'गंद" समेटने की
सालेऽऽऽ
जिये जा तू
'मैं" के सैप्टिक टैंक में!
एक दिन
उसमें ही दफन हो जाना
पर, कमबख्त
तू है ही रक्तबीज
तेरी मिट्टी से
कई 'मैं" फूट आएँगे
 

Saturday, January 28, 2012

'तिलचट्टा"

जन्म से लेकर मौत तक
सजा है बाजार
जहाँ जिस्म से लेकर
वैभव तक होती है नुमाईश
कभी खुद इंसान बनता है वस्तु
कभी वस्तु हो जाती है इंसान से बढ़कर
कुछ बिकते हैं सरे बाजार
कुछ की लगती है बंद कमरों में बोली
हाँ, इस दौर में भी
कहीं-कहीं
इंसानों की तरह दिखता
एक 'इंसान" नजर आ जाता है
वह टूट जाता है, झुकता नहीं
एक नष्ट होता, दूसरा भी आ जाता
किसी 'तिलचट्टे" के समान
पता नहीं कैसे?
अनंतकाल से अब तक
है उसका वजूद
वह खुद को कहता है 'स्वाभिमानी"
पर, वह किसी काम का नहीं
परिवार, रिश्तेदार, दोस्त, पड़ोसी
सब रहते हैं उससे परेशान
लेकिन, वह जीता जाता है
यही सोचकर
शायद, वह देश, समाज
परिवार के कभी काम आ सके