वह निगल जाता है
साबूत ही मुझे
अजगर के मानिंद
धीरे-धीरे चटकती है
हिम्मत, फिर जज्बात
खुली आँखों में
छा जाता है अंधकार
गहरे शून्य में धँसता
और धँसता जाता हूँ
इतने अंधेरे में भी कैसे
कई उँगलियाँ
मेरी ओर उठी दिखती हैं, कैसे?
पर सारी उँगलियाँ मेरी
ही तो हैं
तभी वह बड़ी कुटिल मुस्कान से
अचानक उगल देता है
तब नजर आती है
दमकती, चमकती दुनिया
अपनी सफलताओं पर कुप्पा मैं
फिर पलटकर 'उसको" नहीं देखता
कई रातों से नहीं सोने पर
आँखों में उतरी हुई नींद
एक बोतल व्हिस्की
रम, वोदका, जीन
उसमें मिला दी स्कॉच
बियर और देसी भी
उस पर चाट ली अफीम
चरस, गाँजे, भाँग के साथ
फिर भी बच गया मैं
...पर नहीं बच सका
तेरे इश्क के नशे से ऐ-जालिम!
भीगा हुआ वह मासूम
बड़ी उम्मीद से
हर शख्स को देखता
जैसे ही कोई जेब में हाथ डालता
वह खिल जाता
तुरंत गोता लगाकर
सिक्का निकाल लाता
कई बार खाली हाथ भी लौटता
जब भी मैंने ये नजारा देखा
उसकी चूक में खुद की हार को पाया
ऐसे में बरबस ही
तेरा हाथ खुद के हाथ में पाया
फिर नर्मदा से आँख बचाकर
मुट्ठी में भींच, तुझ 'बरकती सिक्के"
को ले मैं भागा चला आया!
गुजरता जाता है वक्त
मुट्ठी में पकड़ी 'रेत" के मानिंद
अंगुलियों में समेट लाता हूँ
सारे जिस्म की ताकत
पर ये है कि
रूकता ही नहीं
मायूस, हताश बस
देखता रह जाता हूँ इसे रिसते
...और जब तू नहीं होती
ये वक्त 'पहाड़" बन जाता है
जरूरी नहीं हर बार
हर काम तेरी पसंद से करूँ
यह भी जरूरी नहीं हर बार
हर बात तेरी पसंद की कहूँ
बस मैं वह करूँ, वह कहूँ
जिससे सब तुझे पसंद करें!
तेरी चिंगारी 'लौ" बन
सुलग रही है जिस्म में
कतरा-कतरा पिघल रहा
कतरा-कतरा जल रहा
किसी को नहीं है
इस दर्द से वास्ता
मुझे भी अब कहाँ रहा?
मैं तो बस देखता रह गया
पहले दिल पिघला
फिर दिमाग, जिस्म के बाद
अब तो लहू भी बह गया
पर कमबख्त यह लौ है कि
बुझती नहीं
और कमबख्त तू है कि
समझती ही नहीं
अकेला होता हूँ
पर नहीं होता
कार चलाते हुए
पास की सीट होती है भरी
एक जोड़ा आँखों का
हर वक्त देख रहा होता है
खाना खाते, सोते
जागते, हँसते, बोलते
हर वक्त
कई बार मुझे देखकर
मुस्कुराता है
गलतियों पर चेताता भी है
लड़ना तो जैसे उसका शगल हो
हाँ, कभी प्यार भी जताता है
अक्सर मैं सोचता हूँ
इसके सिवा उसे कुछ काम नहीं?
पता नहीं कैसे वह पढ़ भी लेता है
मेरे दिल की बात
तब वह लड़ता नहीं
बस थोड़ा-सा 'छलक" जाता है
वाकई में...
साथ के लिए जरूरी नहीं
किसी का 'साथ" होना